बॉलिंग के नए 'हथियार' पर जमकर मेहनत कर रहे मार्क वुड
अहमदाबाद
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड ने बुधवार को खुलासा किया कि वह धीमी यॉर्कर में महारत हासिल करने पर काम कर रहे हैं ताकि वह इस साल के अंत में होने वाले टी-20 विश्व कप में भारतीय पिचों के लिए तैयार रहें। वुड अपनी तेज रफ्तार से बल्लेबाजों को भयभीत करने की काबिलियत रखते हैं लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए भारतीय तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर के साथ खेलने पर उन्हें भारतीय पिचों पर धीमी गेंद की अहमियत महसूस हुई। भारत में होने वाले टी-20 विश्व कप में अब केवल सात महीने का समय बचा है तो वुड धीमी यॉर्कर को भी अपना हथियार बनाने की कोशिश में जुट गए हैं। वुड ने कहा कि उनके गेंदबाजों को देखते हुए, जब मैं चेन्नई सुपर किंग्स में शार्दुल ठाकुर के साथ खेला तो मुझे इसका पता चला। वह नई तरह की धीमी गेंद फेंकता है। उसे देखते हुए और यह यहां कितनी कारगर होती रही है तो मैं भी इसे अपने खेल में शामिल करने की कोशिश कर रहा हूं। उन्होंने कहा, 'मैं अब भी नई चीजें सीखने की कोशिश कर रहा हूं, अपनी यॉर्कर गेंद को धीमा फेंकने का प्रयास कर रहा हूं। हमें विश्व कप में भी यही हालात मिलेंगे।
भारत के खिलाफ शानदार रहा है प्रदर्शन
भारत और इंग्लैंड के बीच जारी टी-20 सीरीज में मार्क वुड का प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। उन्होंने इस सीरीज के तीन मैचों में से दो में शिरकत की जिसमें दोनों में ही उनकी टीम को जीत हासिल हुई है। इस दौरान वुड ने साथी गेंदबाज जोफ्रा आर्चर के संग मिलकर पहले छह ओवरों में भारतीय बल्लेबाजों को काफी परेशान किया है। ये दोनों विकेट से अतिरिक्त उछाल हासिल करके भारतीय बल्लेबाजों को दुविधा में डालने में सफल रहे हैं।

पाठको की राय